रिंकू संग सरोज: चार मिनट में शोहरत, एक मिनट में प्यार
PT News ( लखनऊ ): भारतीय क्रिकेट के उभरते हुए सितारे रिंकू सिंह और सपा सांसद प्रिया सरोज ने 8 जून 2025 को सगाई कर ली। दोनों ने लखनऊ के पांच सितार होटल में अपने करीबियों के बीच सगाई की रस्मे पूरी की। दोनों इसी साल 18 नवंबर को शादी के बंधन में भी बंध जाएंगे। क्रिकेटर रिंकू सिंह बचपन से मेहनत करते आ रहे हैं। उन्होंने अपने जीवन में बहुत संघर्ष किया है। उन्होंने अलीगढ के एक निम्न-मध्यमवर्गीय परिवार से निकलकर क्रिकेट की दुनिया में अपना मुकाम बनाया है, जबकि सपा सांसद प्रिया सरोज कॉन्वेंट शिक्षा और राजनीतिक परिवार से हैं। दोनों की पहचान अलग-अलग छेत्र में हैं, लेकिन इनका मिलन किसी फिल्म से कम नहीं हैं।
चार मिनट में मिली शोहरत, झूम उठी जिंदगी
रिंकू सिंह के जीवन में 4 मिनट काफी अहम है। साल 2023 में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच रोमांचक मुकाबला हो रहा था। उस दौरान आखिरी 6 गेंदों में KKR को 29 रन चाहियें थे। मैच 240 मिनट में से 236 मिनट तक गुजरात के कब्जे में था, लेकिन आखिरी के 4 मिनट रिंकू सिंह ले गए। उन्होंने 5 गेंदों में 5 छक्के लगाएं और अपनी टीम को जीत दिला दी। यही प्रदर्शन विश्व क्रिकेट में उनकी खास पहचान बना गया।
सात फेरों को तैयार एक मिनट में हुआ प्यार
रिंकू टीम के एक सीनियर की शादी अटेंड करने दिल्ली आए थे। यहां उनकी मुलाकात प्रिया सरोज से हो गई। शादी में उनके एक दोस्त ने प्रिया से परिचिय करवाया। इस एक मिनट की मुलाकात के बाद दोनों के बीच बातें शुरू हुई और दोस्ती हो गई। दोनों ने करीब डेढ़ साल तक एक-दूसरे को जाना समझा और परिवार की रजामंदी से आज सगाई कर लिए।
जानिए कौन हैं सांसद प्रिया सरोज?
प्रिया सरोज वाराणसी के करखियांव गांव की रहने वाली हैं। वह तीन बार के MP और वर्तमान MLA तूफानी सरोज की बेटी हैं। 25 साल की प्रिया ने मछलीशहर सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर बीजेपी के बीपी सरोज को 35,000 से ज्यादा वोटों से हराया। प्रिया सरोज ने हमेशा से राजनीति में आने के बारे में नहीं सोचा था। उन्होंने एक इंटरव्यू में इंडियन एक्सप्रेस को बताया था, 'मैंने कभी खुद को राजनीति में नहीं देखा था।' प्रिया सरोज ने कानून की पढ़ाई की है। वह महामारी के दौरान ज्यूडिशियरी एग्जाम की तैयारी कर रही थीं। वह ऑनलाइन क्लास भी अटेंड कर रही थीं। तभी उन्हें लोकसभा का टिकट मिल गया। प्रिया सरोज ने दिल्ली के एयर फोर्स गोल्डन जुबली इंस्टीट्यूट, दिल्ली यूनिवर्सिटी और एमिटी यूनिवर्सिटी से शिक्षा प्राप्त की है। उन्होंने पब्लिक सर्विस में आने से पहले सुप्रीम कोर्ट में वकालत भी की है।
रिंकू सिंह का नेट वर्थ
रिंकू सिंह ने साल 2023 में टीम इंडिया के लिए डेब्यू किया था और 2018 से IPL में खेल रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो रिंकू का नेटवर्थ करीब 7-8 करोड़ रुपये के बीच है। रिंकू BCCI के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट की ग्रेड-सी में आते हैं, जिसके तहत उन्हें सालाना 1 करोड़ रुपये की तंख्वाह मिलती है, वहीं आईपीएल 2025 से पूर्व KKR ने रिंकू को 13 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। रिंकू का अलीगढ़ में घर है, जिसकी कीमत करीब 3 करोड़ रुपये आंकी गई है।
प्रिया सरोज का नेट वर्थ
प्रिया सरोज समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता तूफानी सरोज की बेटी हैं जो तीन बार सांसद रह चुके हैं। 26 वर्षीय प्रिया 2024 लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश के मछ्लीशहर सीट से सांसद चुनकर आई हैं। चुनाव के समय प्रिया सरोज ने अपनी कुल संपत्ति का खुलासा किया था। उनके पास 11,25,719 रुपये की कुल संपत्ति है। उनके यूनियन बैंक अकाउंट में 10 लाख रुपये से अधिक सेविंग्स है। पिछले वर्ष चुनाव के अनुसार उनके पास 5 ग्राम सोना है। प्रिया सरोज के नाम अभी कोई कार या कोई घर रजिस्टर नहीं है। इसलिए नेट वर्थ के मामले में रिंकू सिंह अपनी मंगेतर से काफी आगे हैं और उनसे अमीर हैं।
मुम्बई और कोलकाता से आई ढाई लाख की अंगूठी
सगाई के खास मौके पर रिंकू ने प्रिया को जो अंगूठी पहनाई वह उन्होंने स्पेशली मुंबई से मंगवाई, जबकि प्रिया ने रिंकू के लिए कोलकाता के मशहूर ज्वेलरी डिजाइनर से रिंग बनवाई। दोनों अंगूठियों की कीमत मिलाकर लगभग 2.5 लाख बताई जा रही है।